सीने में दर्द से हार्ट अटैक तक… हर मिनट अहम: MCB के चिकित्सकों को ECG की बारीकियों का विशेष प्रशिक्षण

विश्व हृदय दिवस पर ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित, 10 मिनट के भीतर ECG कराने और हार्ट अटैक की समय रहते पहचान पर दिया गया जोर

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

3 min read42 views
सीने में दर्द से हार्ट अटैक तक… हर मिनट अहम: MCB के चिकित्सकों को ECG की बारीकियों का विशेष प्रशिक्षण

मनेन्द्रगढ़, 29 सितंबर 2026। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर (MCB) द्वारा जिले के चिकित्सा अधिकारियों के लिए “How to Read ECG – Essentials of ECG Interpretation” विषय पर विशेष ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य चिकित्सकों को ECG की सही व्याख्या के साथ-साथ हृदय संबंधी आपात स्थितियों की समय रहते पहचान और मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए और अधिक सक्षम बनाना रहा।

प्रशिक्षण मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के मार्गदर्शन तथा जिला नोडल अधिकारी, NCD डॉ. नम्रता चक्रवर्ती के समन्वय में आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण सत्र में डॉ. अनुराग तिवारी (MBBS, DNB General Medicine) ने चिकित्सकों को ECG की जांच एवं उसकी रिपोर्ट को सही तरीके से समझने की बारीकियों की जानकारी दी। विभिन्न क्लिनिकल उदाहरणों के माध्यम से ECG में दिखाई देने वाले संकेतों को पहचानने तथा मरीज की स्थिति के अनुरूप समय पर चिकित्सकीय निर्णय लेने का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।

सीने में दर्द हो तो 10 मिनट के भीतर ECG पर जोर

प्रशिक्षण के दौरान विशेष रूप से बताया गया कि सीने में दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचने वाले मरीज का ECG जल्द से जल्द किया जाना चाहिए। ऐसे मामलों में 10 मिनट के भीतर ECG कराने पर जोर दिया गया, ताकि हार्ट अटैक की स्थिति की पहचान में अनावश्यक देरी न हो और मरीज को समय पर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

चिकित्सकों को यह भी बताया गया कि हार्ट अटैक के लक्षण प्रत्येक व्यक्ति में एक जैसे नहीं होते। विशेषकर मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित मरीजों में सीने में सामान्य दर्द के बजाय पेट के ऊपरी हिस्से में बेचैनी, जलन, उल्टी अथवा अन्य असामान्य लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षणों को सामान्य मानकर नजरअंदाज करने के बजाय समय पर जांच कराना आवश्यक है।

आपात स्थिति की पहचान और त्वरित रेफरल पर फोकस

सीने में दर्द से हार्ट अटैक तक… हर मिनट अहम: MCB के चिकित्सकों को ECG की बारीकियों का विशेष प्रशिक्षण (2)

प्रशिक्षण के माध्यम से जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत चिकित्सकों की हृदय संबंधी आपात स्थितियों को पहचानने की क्षमता को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। इससे हार्ट अटैक की शीघ्र पहचान, समय पर प्राथमिक उपचार तथा आवश्यकता पड़ने पर मरीज को उपयुक्त उच्च स्वास्थ्य संस्थान में त्वरित रेफरल सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य ऐसे प्रशिक्षणों के माध्यम से जिले में हृदय रोग से संबंधित मरीजों को समय पर जांच, सही पहचान और उचित उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और सुदृढ़ करना है। हृदय संबंधी आपात स्थितियों में समय का विशेष महत्व होने के कारण ECG की सही एवं समयबद्ध व्याख्या चिकित्सकीय उपचार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

हृदय को स्वस्थ रखने आमजन से सावधानी बरतने की अपील

विश्व हृदय दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की। नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, तंबाकू से दूरी तथा रक्तचाप और मधुमेह की नियमित जांच को हृदय स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि सीने में दर्द, अत्यधिक पसीना आना, सांस फूलना, घबराहट या अचानक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर देरी न करें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य संस्था से संपर्क करें। समय पर जांच और उपचार कई गंभीर परिस्थितियों में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →