मनेन्द्रगढ़ 14 अगस्त । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों को शामिल किए जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस संबंध में एबीवीपी के जिला उपाध्यक्ष शिवम सिंह दिव्यांशु ने जिला शिक्षा अधिकारी, एमसीबी को लिखित ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों की सहभागिता किस प्रकार और किन परिस्थितियों में कराई गई, इसकी जांच आवश्यक है। साथ ही संबंधित विद्यालयों एवं अभिभावकों से बच्चों की सहभागिता के लिए अनुमति अथवा सहमति ली गई थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि विद्यालयों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं निष्पक्ष शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। ऐसे में यह जांच जरूरी है कि किसी विद्यालय, शिक्षक अथवा छात्र पर किसी संगठनात्मक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का दबाव तो नहीं बनाया गया।
लिखित जानकारी लेने और दोष मिलने पर कार्रवाई की मांग
शिवम सिंह दिव्यांशु ने जिला शिक्षा अधिकारी से संबंधित विद्यालयों एवं शिक्षकों से लिखित जानकारी लेने, स्कूली बच्चों की सहभागिता के संबंध में अनुमति एवं सहमति की जांच कराने तथा नियमों अथवा विभागीय निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन में जांच रिपोर्ट सार्वजनिक/ज्ञापनकर्ताओं को उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है। साथ ही यह पता लगाने की मांग की गई है कि राजनीतिक बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को शामिल होने की अनुमति आखिर किसने प्रदान की।
ज्ञापन में कहा गया है कि मामले की निष्पक्ष जांच से वास्तविक स्थिति सामने आएगी और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा सकेंगे।
