मनेन्द्रगढ़, 16 अक्टूबर 2026। मनेन्द्रगढ़ में इलेक्ट्रिकल दुकान का शटर तोड़कर तांबे का तार और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी जीवन केरकेट्टा उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए तांबे के तार में से करीब दो किलो तार बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में अन्य आरोपी भी शामिल थे, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
दुकान का शटर तोड़कर पार किया था तांबा और नकदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नई सब्जी मंडी मनेन्द्रगढ़ निवासी धरमू राजभर (58 वर्ष) ने 10 अक्टूबर 2026 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के भतीजे संदीप राजभर की किरोड़ीमल पेट्रोल पंप के बगल में एस.आर. इलेक्ट्रिकल नाम से दुकान है, जहां मोटर वाइंडिंग और बिजली उपकरणों की मरम्मत का काम किया जाता है। धरमू राजभर भी इस कार्य में सहयोग करते हैं।
शिकायत के मुताबिक, तबीयत खराब होने के कारण धरमू राजभर 6 अक्टूबर को उपचार के लिए रायपुर गए हुए थे। इस दौरान 8 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए। अगले दिन 9 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे पड़ोसी ने फोन कर दुकान में चोरी होने की सूचना दी। दुकान पहुंचने पर पता चला कि शटर तोड़कर मरम्मत के दौरान निकला करीब एक क्विंटल पुराना तांबे का तार और गल्ले में रखे लगभग 50 से 60 हजार रुपये चोरी कर लिए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर संदेही हिरासत में, पूछताछ में सामने आए अन्य नाम
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(ए) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वार्ड क्रमांक 22 निवासी जीवन केरकेट्टा उर्फ बिट्टू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने पप्पू डाकू और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी जीवन केरकेट्टा उर्फ बिट्टू वारदात के दौरान निगरानी कर रहा था, जबकि उसके तीन अन्य साथी सब्बल से दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे और तांबे का तार चोरी कर ले गए। आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए तार में से करीब दो किलो तार उसे हिस्से के रूप में दिया गया था, जबकि शेष तार अन्य आरोपी बोरों में भरकर ले गए। बाकी रकम बाद में देने की बात कही गई थी।
निशानदेही पर दो किलो तांबे का तार बरामद
पुलिस ने आरोपी जीवन केरकेट्टा उर्फ बिट्टू की निशानदेही पर गवाहों की मौजूदगी में कपड़े के थैले में रखा करीब दो किलो तांबे का तार जब्त किया। बरामद तार की कीमत लगभग 3,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने किया था घटनास्थल का निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया था और जांच के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए संदिग्धों से पूछताछ की और एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक विवेक पाटले, उप निरीक्षक (PSI) भरत यादव, प्रधान आरक्षक नवीन, प्रधान आरक्षक प्रिंस (साइबर) एवं आरक्षक प्रदीप लकड़ा शामिल रहे।
अब पुलिस के सामने चोरी गए शेष तांबे के तार और नकदी की बरामदगी के साथ अन्य आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
