चिरमिरी (एमसीबी)। नवरात्रि, गरबा आयोजन एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए एमसीबी पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (भा.पु.से.) ने चिरमिरी थाना क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों एवं गरबा आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महिला सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पर विशेष फोकस

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि सभी दुर्गा पूजा पंडालों एवं गरबा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। आयोजन के दौरान महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही, भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात को सुचारू बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्व के दौरान मुस्तैद रहने और किसी भी संभावित अव्यवस्था को रोकने के लिए प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
दशहरा पर रावण दहन स्थलों में रहेगी विशेष सतर्कता

आगामी दशहरा पर्व के दौरान रावण दहन एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों में उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए एसपी ने यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकतानुसार मार्ग परिवर्तन (डायवर्जन) लागू करने, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और आयोजन स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने पर जोर दिया, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो और पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी चिरमिरी वासुदेव परगनिहा सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस की नागरिकों से अपील

जिला पुलिस एमसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि नवरात्रि, गरबा एवं दशहरा पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। पुलिस प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
एमसीबी पुलिस का संदेश है कि त्योहारों की खुशियां शांति, सुरक्षा और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं।
