बैकुंठपुर (कोरिया)। न्यायालय से जारी लंबे समय से लंबित स्थाई वारंटों की तामीली के लिए कोरिया पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के एक मामले में फरार चल रहे स्थाई वारंटी राजेंद्र कुमार गोंड उर्फ रघुनाथ (30 वर्ष) को पुलिस ने कोरबी के साप्ताहिक बाजार से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी राजेंद्र कुमार गोंड निवासी ग्राम तनेरा, चौकी कोरबी, थाना पसान, जिला कोरबा लंबे समय से अपने स्थाई पते से फरार था। पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। इस दौरान वह रायपुर से इंदौर के बीच चलने वाले ट्रकों में खलासी का काम कर फरारी काट रहा था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देशन तथा एसडीओपी मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में जिले, संभाग और राज्य के बाहर छिपे वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार स्थाई वारंटी राजेंद्र कुमार गोंड कोरबी के साप्ताहिक बाजार में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी पोड़ी-बचरा के प्रधान आरक्षक राजेश पैकरा, आरक्षक राजेश पाण्डेय, आरक्षक सूरज यादव, महिला आरक्षक विजय कुमारी तथा साइबर सेल के आरक्षक अमरेशानन्द और सजल जायसवाल की सक्रिय भूमिका रही।
कोरिया पुलिस द्वारा लंबे समय से फरार वारंटियों की तलाश और न्यायालयीन वारंटों की तामीली के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को अभियान के तहत मिली एक महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
