“सेवा सेतु शिविर बना ग्रामीणों के लिए ‘वन स्टॉप सेंटर’, एक ही परिसर में मिलीं दर्जनों शासकीय सेवाएं और योजनाओं का लाभ”

आवास की चाबी से आयुष्मान कार्ड तक मिला लाभ, विभागीय स्टॉलों पर उमड़ी ग्रामीणों की भीड़; नशामुक्ति की दिलाई शपथ, जरूरतमंद बच्चों के लिए खिलौना-वस्त्र दान अभियान शुरू

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

5 min read81 views
“सेवा सेतु शिविर बना ग्रामीणों के लिए ‘वन स्टॉप सेंटर’, एक ही परिसर में मिलीं दर्जनों शासकीय सेवाएं और योजनाओं का लाभ”

एमसीबी/05 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मनेन्द्रगढ़ विकासखंड में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के मैदान में ‘सेवा सेतु शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ना रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में पहुंचे और विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी लेने के साथ आवश्यक सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष जानकी बाई कुसरो, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंकिता सोम, जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी वैशाली सिंह, तहसीलदार श्रुति धुर्वे, समीर शर्मा, जनपद सदस्य, सरपंचगण, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान एवं राज्य गीत का गायन हुआ। कार्यक्रम के उपरांत जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली।

ग्रामीणों को योजनाओं से जोड़ना शिविर का मुख्य उद्देश्य

जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी वैशाली सिंह ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणजनों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा एक ही स्थान पर अनेक शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की चाबी, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता न पड़े और उनकी समस्याओं का यथासंभव मौके पर निराकरण हो, इसी उद्देश्य से विभिन्न विभागों को एक मंच पर लाया गया है।

एक परिसर में अनेक विभागों की सेवाएं

“सेवा सेतु शिविर बना ग्रामीणों के लिए ‘वन स्टॉप सेंटर’, एक ही परिसर में मिलीं दर्जनों शासकीय सेवाएं और योजनाओं का लाभ” (2)

जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू ने कहा कि सेवा सेतु शिविर शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड अपडेट, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, श्रमिक पंजीयन सहित विभिन्न सेवाओं के लिए ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों में जाने के बजाय शिविर में संबंधित विभाग के स्टॉल से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने की सुविधा मिल रही है।

किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, बीज एवं कृषि योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की चाबी, जॉब कार्ड सहित अन्य योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

नुक्कड़ नाटकों से साइबर अपराध, स्वच्छता और सड़क सुरक्षा का संदेश

शिविर में ‘जन सेवा से राष्ट्र सेवा तक’ की भावना के साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने साइबर अपराध, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए।

छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने, स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, जल संरक्षण करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं, पात्रता एवं लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।

नशामुक्ति का लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू ने नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई। उपस्थित लोगों ने स्वयं जागरूक रहने और दूसरों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

“सेवा सेतु शिविर बना ग्रामीणों के लिए ‘वन स्टॉप सेंटर’, एक ही परिसर में मिलीं दर्जनों शासकीय सेवाएं और योजनाओं का लाभ” (2)

जरूरतमंद बच्चों के लिए खिलौना-वस्त्र दान अभियान शुरू

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जरूरतमंद बच्चों एवं परिवारों तक सहयोग पहुंचाने के उद्देश्य से खिलौना एवं वस्त्र दान अभियान भी शुरू किया गया। जनप्रतिनिधियों ने खिलौना एवं वस्त्र दान वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों एवं परिवारों तक उपयोगी सामग्री पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

आवास की चाबी से आयुष्मान कार्ड तक, हितग्राहियों को मिला लाभ

सेवा सेतु शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ एवं आवश्यक सामग्री प्रदान की गई।

प्रधानमंत्री आवास योजना: 08 हितग्राहियों को आवास की चाबी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

स्वच्छ भारत मिशन: 05 हितग्राहियों को स्वच्छता किट वितरित की गई।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन: 04 स्व-सहायता समूहों को सामुदायिक निवेश निधि के चेक प्रदान किए गए।

मनरेगा: 10 हितग्राहियों को जॉब कार्ड दिए गए।

“सेवा सेतु शिविर बना ग्रामीणों के लिए ‘वन स्टॉप सेंटर’, एक ही परिसर में मिलीं दर्जनों शासकीय सेवाएं और योजनाओं का लाभ” (2)

उद्यानिकी विभाग: स्व-सहायता समूहों को टमाटर, बैंगन एवं साडलिन पौधों का वितरण किया गया।

कृषि विभाग: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के 15 हितग्राहियों को लाभ दिया गया। 05 हितग्राहियों को रामतिल बीज वितरित किए गए तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी दी गई।

पशुपालन विभाग: 05 हितग्राहियों को सूकर त्रयी तथा 01 हितग्राही को उन्नत मादा वत्स पालन योजना का लाभ दिया गया।

मत्स्य विभाग: 05 हितग्राहियों को जाल एवं बर्फ रखने के डिब्बे वितरित किए गए।

आदिवासी विकास विभाग: पात्र हितग्राहियों को वन अधिकार पट्टा संबंधी जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया गया।

स्वास्थ्य विभाग: 06 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड तथा 02 हितग्राहियों को खाद्य सामग्री की टोकरी वितरित की गई।

राजस्व विभाग: निवास प्रमाण पत्र एवं किसान किताब से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

श्रम विभाग: 06 हितग्राहियों का निःशुल्क पंजीयन कर श्रमिक कार्ड प्रदान किए गए तथा मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु सहायता योजना के तहत 01 हितग्राही को लाभ दिया गया।

दिव्यांग सहायता योजना: 01 हितग्राही को सहायता प्रदान की गई।

इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रदर्शनीय चेक भी वितरित किए गए। इस तरह सेवा सेतु शिविर ग्रामीणों के लिए एक ऐसा साझा मंच बना, जहां एक ही परिसर में विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी, पंजीयन, प्रमाण पत्र, कार्ड, सामग्री एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →