एमसीबी/मनेन्द्रगढ़, 11 सितंबर 2026। विकासखंड मनेन्द्रगढ़ में आयोजित होने वाली विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मनेन्द्रगढ़ में विकासखंड के व्यायाम शिक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला क्रीड़ा अधिकारी विनोद जायसवाल ने की।
बैठक में प्रतियोगिता को सफल, सुव्यवस्थित और खेल भावना के अनुरूप आयोजित करने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं एवं दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान खिलाड़ियों के पंजीयन एवं सहभागिता, खेल मैदान की तैयारी, आवश्यक खेल सामग्री, निर्णायकों की व्यवस्था, खिलाड़ियों की सुरक्षा एवं अनुशासन सहित प्रतियोगिता से जुड़ी अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की कार्ययोजना तैयार की गई।
जिला क्रीड़ा अधिकारी विनोद जायसवाल ने सभी व्यायाम शिक्षकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा अधिक से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का आयोजन खेल भावना, अनुशासन और बेहतर समन्वय के साथ किया जाए, ताकि खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच और अवसर मिल सके।
उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने पर भी जोर दिया।
बैठक में विकासखंड मनेन्द्रगढ़ के व्यायाम शिक्षक किशोर दास, शिव कुमार चौधरी, रणधीर ठाकुर, केमेन्द्र साहू, सुमित जायसवाल एवं गोविंद प्रसाद उपस्थित रहे।
