मनेन्द्रगढ़। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा की संभागीय स्तर की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को मनेन्द्रगढ़ में समाज के अध्यक्ष गंगा यादव के निवास पर आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ राधे-कृष्ण के छायाचित्र के समक्ष धूप-दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना एवं स्तुति के साथ हुआ। इसके पश्चात समाज की एकजुटता, संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान तथा आगामी सामाजिक गतिविधियों को लेकर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में अंबिकापुर, बैकुंठपुर, चिरमिरी, मनेन्द्रगढ़, पोड़ी-बचरा, लेदरी, झगराखाण्ड, खोंगापानी सहित संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से यादव समाज के पदाधिकारी, बुद्धिजीवी एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रतिनिधियों ने सामाजिक संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और समाज के अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सभी जिलों में चलेगा जनजागरूकता अभियान
बैठक में आगामी दिनों में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में यादव समाज का व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने की रणनीति पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए गांव से लेकर जिला और संभाग स्तर तक निरंतर संपर्क एवं संवाद जरूरी है। इसके लिए सामाजिक बैठकें, जागरूकता कार्यक्रम और जनसंपर्क अभियान आयोजित करने पर जोर दिया गया।
सामाजिक एकता और पहचान को मजबूत करने पर जोर
बैठक में यादव समाज की विभिन्न जातियों एवं उपनामों से जुड़े लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने कहा कि सामाजिक एकता और सामूहिक पहचान को मजबूत करने के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर चलना आवश्यक है। समाज के लोगों को अपने गोत्र एवं जातिगत पहचान के साथ यादव समाज से जुड़ाव के प्रति जागरूक करने की दिशा में भी कार्य करने की बात कही गई।
संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान की बनेगी कार्ययोजना
प्रतिनिधियों ने निर्णय लिया कि आने वाले समय में संभागीय स्तर पर पुनः महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान, सामाजिक एकता और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके बाद जनजागरूकता अभियान को छत्तीसगढ़ के सभी जिलों तक व्यापक स्तर पर पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
युवाओं और नई पीढ़ी को जोड़ने पर विशेष फोकस
बैठक में युवाओं और नई पीढ़ी को समाज की गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी सामाजिक संगठन की मजबूती केवल पदाधिकारियों और संगठनात्मक ढांचे तक सीमित नहीं होती, बल्कि सक्रिय सहभागिता और नई पीढ़ी की भागीदारी से संगठन को नई दिशा मिलती है। युवाओं को समाज के इतिहास, सामाजिक जिम्मेदारियों और अधिकारों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता भी रेखांकित की गई।
सामाजिक एकता का लिया संकल्प
बैठक के दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों ने समाजहित में मिल-जुलकर कार्य करने, संगठन को मजबूत बनाने तथा युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने का संकल्प लिया। प्रतिनिधियों ने कहा कि यादव समाज को अधिक संगठित और प्रभावशाली बनाने के लिए आने वाले समय में जमीनी स्तर पर लगातार प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार यादव, देवधारी यादव, सरगुजा संभाग अध्यक्ष परमानंद यादव, पूर्व पार्षद शिव यादव, एमसीबी जिलाध्यक्ष हरीलाल यादव (गंगा), पूर्व जिलाध्यक्ष एमसीबी रामभजन यादव, कोरिया जिलाध्यक्ष सुशील यादव, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ राम सजीला यादव, महिला प्रकोष्ठ कोरिया अध्यक्ष लक्ष्मी यादव, गोपाल नारायण यादव, नगर अध्यक्ष मनेन्द्रगढ़ वासु यादव, रविन्द्र यादव, राजेश यादव, तुलाराम यादव, लालजी यादव, खोगेंद्र यादव, हरीशचंद्र यादव, शंकर यादव सहित एमसीबी जिले एवं संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आए यादव समाज के पदाधिकारी, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान समाज की एकजुटता, संगठन के विस्तार और प्रस्तावित जनजागरूकता अभियान को लेकर उत्साहपूर्ण वातावरण रहा। उपस्थित प्रतिनिधियों ने सामाजिक हित से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर आगे बढ़ने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
