📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

विभाजन की विभीषिका से ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ तक—मनेन्द्रगढ़ में तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ

ऐतिहासिक तस्वीरों में दिखी आजादी के संघर्ष और विभाजन की पीड़ा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े व एसपी रत्ना सिंह ने किया अवलोकन

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Aug 12, 20264 min read69 views
विभाजन की विभीषिका से ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ तक—मनेन्द्रगढ़ में तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ (1/2)
1 / 2

एमसीबी/12 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने के उद्देश्य से जनसंपर्क विभाग, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा तीन दिवसीय विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। 12 से 14 अगस्त तक आयोजित इस प्रदर्शनी में ‘भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस’, ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसी तीन प्रमुख थीम के माध्यम से देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम, विभाजन की त्रासदी और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

प्रदर्शनी का गरिमामय शुभारंभ प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, जिले की कलेक्टर संतन देवी जांगड़े एवं पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने किया। अतिथियों ने प्रदर्शनी में लगाई गई ऐतिहासिक एवं दुर्लभ छायाचित्रों का अवलोकन किया और आयोजन की सराहना की।

इस अवसर पर मनेन्द्रगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, पूर्व संसदीय सचिव एवं जिला अध्यक्ष चम्पा देवी पावले, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंकिता सोम, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, एसडीएम लिंगराज सिदार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

तस्वीरों में साकार हुआ विभाजन का दर्द और संघर्ष की गाथा

प्रदर्शनी का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण ‘भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस’ पर केंद्रित छायाचित्र हैं। इन तस्वीरों के माध्यम से वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान उत्पन्न परिस्थितियों, विस्थापन, पीड़ा, संघर्ष और विपरीत परिस्थितियों में लोगों के अदम्य साहस को प्रदर्शित किया गया है।

ऐतिहासिक छायाचित्रों ने आगंतुकों को उस दौर की घटनाओं से रूबरू कराया, जब देश आजादी की दहलीज पर था, लेकिन विभाजन की त्रासदी ने लाखों परिवारों के जीवन को प्रभावित किया। प्रदर्शनी का उद्देश्य केवल इतिहास को याद करना नहीं, बल्कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ी को यह संदेश देना भी है कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

‘हर घर तिरंगा’ ने जगाया राष्ट्रभक्ति का भाव

प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’ थीम के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित किया गया है। तिरंगे से जुड़ी तस्वीरों के जरिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व और गौरव से जोड़ने का संदेश दिया गया।

वहीं ‘वंदे मातरम्’ थीम के माध्यम से देश के स्वतंत्रता आंदोलन में राष्ट्रगीत की प्रेरणादायी भूमिका और राष्ट्रीय चेतना को दर्शाया गया है। इन दोनों थीम ने प्रदर्शनी को देशभक्ति के रंग से सराबोर कर दिया।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा—इतिहास की सच्चाई से परिचित होना जरूरी

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को ‘भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस’ के रूप में मनाने का उद्देश्य नई पीढ़ी को विभाजन के दौरान घटित घटनाओं और उससे जुड़ी पीड़ा से अवगत कराना है।

उन्होंने कहा कि इतिहास को जानना इसलिए आवश्यक है, ताकि युवा पीढ़ी उन कठिन परिस्थितियों, संघर्षों और बलिदानों को समझ सके, जिनके बाद देश ने स्वतंत्रता प्राप्त की। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने में इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

स्कूली बच्चों में दिखा खास उत्साह

प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। ऐतिहासिक तस्वीरों को देखकर बच्चों ने आजादी के संघर्ष और विभाजन से जुड़े इतिहास को करीब से समझने का प्रयास किया। विद्यार्थियों ने कहा कि पाठ्य पुस्तकों में पढ़े गए इतिहास को तस्वीरों के माध्यम से देखना उनके लिए एक अलग और प्रभावशाली अनुभव रहा।

बच्चों के लिए यह प्रदर्शनी केवल एक दृश्य अनुभव नहीं, बल्कि इतिहास को समझने और उससे सीख लेने का अवसर भी बनी। तस्वीरों के माध्यम से उन्हें यह संदेश मिला कि स्वतंत्रता केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि अनेक संघर्षों और बलिदानों का परिणाम है।

14 अगस्त तक आमजन के लिए रहेगी प्रदर्शनी

जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित यह विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी 12 से 14 अगस्त 2026 तक जारी रहेगी। आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आम नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्रीय भावना को मजबूत करना तथा देश के इतिहास और विभाजन की त्रासदी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

तीन दिवसीय यह प्रदर्शनी मनेन्द्रगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के बीच इतिहास, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बनकर सामने आई है।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →