एमसीबी, 10 अगस्त 2026। जिले में बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त रखने और उनके बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का जिला स्तरीय शुभारंभ स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, मनेन्द्रगढ़ में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर श्रीमती संतन देवी जांगड़े की अध्यक्षता में बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाकर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत जिले के लक्षित आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कृमिनाशक दवा खिलाई जा रही है। अभियान का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के साथ-साथ उनमें पोषण स्तर, स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास को बेहतर बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बच्चों को कृमि संक्रमण के कारण, उससे होने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों तथा इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि नियमित रूप से हाथ धोना, स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन करना, साफ पानी का सेवन करना, नाखूनों को साफ एवं छोटे रखना तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखना कृमि संक्रमण से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय हैं।
अधिकारियों ने बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य और विकास को प्रभावित कर सकता है। इसके कारण बच्चों में कमजोरी, थकान, पोषण संबंधी समस्या तथा पढ़ाई एवं दैनिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में समय-समय पर कृमिनाशक दवा का सेवन और व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता का पालन बेहद महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी लक्षित बच्चों तक कृमिनाशक दवा पहुंचाने तथा अभियान को सफल बनाने का संकल्प दोहराया। विद्यालय में उपस्थित बच्चों को दवा खिलाने के साथ उन्हें स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी रविकांत यादव, नोडल अधिकारी डॉ. सुधांशु पटेल, डॉ. नम्रता चक्रवर्ती, डॉ. वासिक असदक, डीपीएम शिशिर जायसवाल, बीईओ विपिन सिंह, आरबीएसके नोडल डॉ. अतीक, बीपीएम सुलेमान, प्रभारी प्राचार्य इरफान, बीईई प्रमेंद्र सिंह, डीपीएचएनओ लक्ष्मी रजक, बीडीएम जगदीश सिंह सहित स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
अभिभावकों से दवा सेवन सुनिश्चित कराने की अपील
जिला प्रशासन ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को अभियान के तहत दी जा रही कृमिनाशक दवा का सेवन अवश्य कराएं। साथ ही बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ भोजन एवं पानी का उपयोग करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित करें।
प्रशासन ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ रहना उनके बेहतर भविष्य की आधारशिला है। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस जैसे अभियानों में स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के साथ अभिभावकों और समाज की सहभागिता से जिले को कृमि संक्रमण से मुक्त रखने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की जा सकती है।
