मनेन्द्रगढ़ के 9 खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दमखम

हैंडबॉल के 4 और एथलेटिक्स के 5 खिलाड़ी चयनित, 15 सितंबर को जगदलपुर के लिए होंगे रवाना

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

2 min read79 views
मनेन्द्रगढ़ के 9 खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दमखम

एमसीबी/12 सितंबर 2026। बालक क्रीड़ा परिसर मनेन्द्रगढ़ के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के दम पर एक बार फिर जिले का गौरव बढ़ाया है। जगदलपुर में 17 से 20 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए बालक क्रीड़ा परिसर मनेन्द्रगढ़ के कुल 9 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। खिलाड़ियों के चयन से परिसर सहित खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हैंडबॉल विधा के लिए 4 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इनमें रूपेश कुमार, विकास, अमिताभ और युवराज सिंह शामिल हैं। वहीं एथलेटिक्स विधा में 5 खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह बनाई है। चयनित खिलाड़ियों में सतीश कुमार मरकाम, रंगलाल, जॉन अब्राहम टोप्पो, निलेश और राहुल शामिल हैं।

चयनित सभी खिलाड़ी 15 सितंबर 2026 को जगदलपुर के लिए रवाना होंगे, जहां वे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। खिलाड़ियों से उम्मीद की जा रही है कि वे पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे तथा मनेन्द्रगढ़ जिले और बालक क्रीड़ा परिसर का नाम राज्य स्तर पर रोशन करेंगे।

मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम

इस उपलब्धि पर मीना प्रजापति, क्रीड़ा अधिकारी, बालक क्रीड़ा परिसर मनेन्द्रगढ़ ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन उनके निरंतर अभ्यास, अनुशासन, लगन और कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ मैदान में उतरकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विनोद जायसवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी मनेन्द्रगढ़, किशोर दास, प्रेम स्मेल टोप्पो, शिव कुमार चौधरी एवं रणधीर ठाकुर ने भी चयनित खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बालक क्रीड़ा परिसर मनेन्द्रगढ़ के ये प्रतिभावान खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठ खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए मनेन्द्रगढ़ जिले का गौरव बढ़ाएंगे और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →