📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

बिना नंबर की स्कूटी से अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी का पर्दाफाश, 105 पाव शराब के साथ युवक गिरफ्तार

सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 18.900 लीटर शराब और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी सहित ₹92,680 का सामान जब्त

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Aug 07, 20263 min read86 views
बिना नंबर की स्कूटी से अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी का पर्दाफाश, 105 पाव शराब के साथ युवक गिरफ्तार (1/2)
1 / 2

मनेन्द्रगढ़/एमसीबी। जिले में अवैध शराब के कारोबार एवं तस्करी के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए बिना पंजीयन नंबर की टीवीएस जुपिटर स्कूटी से अवैध रूप से अंग्रेजी शराब परिवहन कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 105 पाव अंग्रेजी शराब, जिसकी कुल मात्रा 18.900 लीटर और अनुमानित कीमत ₹22,680 है, बरामद की है। शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त किया गया है। शराब एवं वाहन समेत कुल ₹92,680 का सामान जब्त किया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन तथा सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले के नेतृत्व में विकसित किए गए सटीक सूचना तंत्र के आधार पर की गई।

मुखबिर की सूचना पर मुख्य मार्ग में घेराबंदी

पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवक बिना पंजीयन नंबर की टीवीएस जुपिटर स्कूटी से चनवारीडांड की ओर से मनेन्द्रगढ़ की तरफ अवैध अंग्रेजी शराब लेकर आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सिटी कोतवाली पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और फॉरेस्ट डिपो के आगे मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी को रोक लिया।

पुलिस टीम द्वारा स्कूटी की तलाशी लेने पर उसके सामने रखे प्लास्टिक के बैग से अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में रॉयल स्टैग की 28 पाव तथा मैकडॉवेल्स नंबर-1 की 77 पाव, कुल 105 पाव (प्रत्येक 180 मिली) शामिल हैं। शराब की कुल मात्रा 18.900 लीटर तथा अनुमानित कीमत ₹22,680 बताई गई है।

शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त

पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की टीवीएस जुपिटर स्कूटी को भी जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹70,000 बताई गई है। इस प्रकार शराब और वाहन को मिलाकर पुलिस द्वारा कुल ₹92,680 का मशरूका जब्त किया गया है। जब्त स्कूटी की राजसात प्रक्रिया भी की जा रही है।

आरोपी के पास नहीं मिला शराब का वैध दस्तावेज

गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेंद्र सिंह धुर्वे (22 वर्ष), निवासी ग्राम मेढ़ाखार करपा, थाना राजेन्द्रग्राम, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश), हाल मुकाम चनवारीडांड तालाब के पास, के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी शराब के परिवहन एवं कब्जे से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, उपनिरीक्षक जयालक्ष्मी, सहायक उपनिरीक्षक चेतन राजवाड़े, प्रधान आरक्षक जय यादव, आरक्षक दीप नारायण तिवारी (सायबर सेल) सहित सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एमसीबी पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही सूचना तंत्र को भी और मजबूत किया जा रहा है, ताकि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →