चिरमिरी। नगर पालिका निगम चिरमिरी क्षेत्र में आयोजित दो दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप में बुधवार को सुबह से ही मरीजों और उनके परिजनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ परामर्श और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। दोपहर 1 बजे तक ही 1000 से अधिक मरीजों का पंजीयन हो चुका था। आयोजकों ने शाम तक यह संख्या करीब 2500 तक पहुंचने की उम्मीद जताई है। शिविर में कुल 10 हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य रखा गया है।
मेगा हेल्थ कैंप का स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से मुलाकात कर स्वास्थ्य सुविधाओं और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम से भी शिविर में उपलब्ध सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, SECL चिरमिरी के मुख्य महाप्रबंधक रमेश, महापौर रामनरेश राय सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
घर-द्वार तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : श्याम बिहारी जायसवाल
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि “हम कहते नहीं, करते हैं” की भावना के साथ सरकार काम कर रही है।
उन्होंने कहा, “तुहर लईका, तुहर दुआरी, तुहर कमियां श्याम बिहारी।” उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीमें चिरमिरी पहुंचकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। वहीं दूसरे दिन रायपुर के बड़े अस्पतालों की विशेषज्ञ टीम भी शिविर में पहुंचकर मरीजों को सेवाएं देगी।
गंभीर मरीजों का बड़े शहरों में कराया जाएगा नि:शुल्क उपचार

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मेगा कैंप में जांच के दौरान यदि किसी मरीज को गंभीर बीमारी सामने आती है और उसे दिल्ली, मुंबई अथवा देश के किसी अन्य बड़े शहर में उपचार की आवश्यकता होती है, तो ऐसे मरीजों को वहां भेजकर उपचार कराने की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों के आने-जाने की सुविधा भी नि:शुल्क उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इससे गंभीर बीमारी से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
नशामुक्ति का संकल्प, जरूरतमंदों को बांटे छड़ी और श्रवण यंत्र
मेगा हेल्थ कैंप के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इसके साथ ही जरूरतमंद हितग्राहियों को छड़ी एवं श्रवण यंत्र (ईयर मशीन) वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान 8 नग डेड बॉडी फ्रीजर भी प्रदान किए गए। वहीं राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों से चिरमिरी पहुंचकर अपनी सेवाएं दे रहे विशेषज्ञ चिकित्सकों को स्वास्थ्य मंत्री द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
देहदान को लेकर भी बढ़ी जागरूकता

मेगा हेल्थ कैंप में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सामाजिक सरोकारों को लेकर भी जागरूकता देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने देहदान का संकल्प लिया।
आयोजकों के अनुसार अब तक 10 लोगों ने देहदान के लिए सहमति जताई है, जबकि इनमें से 3 लोगों द्वारा औपचारिक रूप से देहदान का संकल्प लिया गया है।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, SECL चिरमिरी के मुख्य महाप्रबंधक रमेश, HMS महामंत्री बजरंगी शाही, विधायक प्रतिनिधि राजू नायक, जिला भाजपा महामंत्री द्वारिका जायसवाल, महापौर रामनरेश राय, सभापति संतोष सिंह, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम सोनकर, मंडल महामंत्री रीत जैन, मंडल महामंत्री पंडित जी, CMHO डॉ. अविनाश खरे, बबलू डे सहित एमआईसी सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श को लेकर लोगों में उत्साह
मेगा हेल्थ कैंप में सुबह से ही मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ जुटी रही। विभिन्न बीमारियों की जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और आवश्यक उपचार की सुविधा एक ही स्थान पर मिलने से क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखा गया।
दो दिवसीय इस मेगा हेल्थ कैंप का उद्देश्य चिरमिरी सहित आसपास के क्षेत्रों के अधिक से अधिक लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
